News In Short-10 Aug 2022- व्यापारियों ने शोरूम से उठाई नयी गाड़ियों पर तिरंगा लगाकर निकली रैली

News In Short-10 Aug 2022- व्यापारियों ने शोरूम से उठाई नयी गाड़ियों पर तिरंगा लगाकर निकली रैली

NEWS IN SHORT / ख़बरें संक्षेप में

सागर वॉच 10 Aug 2022


व्यापारी संगठन की तिरंगा महारैली

केट कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के नेतृत्व में सभी व्यापारिक संगठनो की तिरंगा मोटर साइकल रैली मंगलवार को म्यूसिंपल स्कूल तीनबत्ती से विजय टाकीज़ रोड भगवानगंज-राधा तिराहा-कटरा मस्जिद-से परकोटा-सिविल लाइन - गोपालगंज-बस स्टैंड होती हुई वापिस तीन बत्ती पर समाप्त हुई ।

कैट के ज़िलाअध्यक्ष सुरेन्द्र मालथोन ने बताया कि इस तिरंगा जागरूकता रैली में समस्त व्यापारिक संगठन अपने कर्मचारियों के साथ शामिल हुए। रैली को  विधायक शैलेंद्र जैन, कलेक्टर दीपक आर्य,निगम कमिश्नर चंद्रशेखर शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर  रवाना किया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश होलानी ने बताया कि ऑटोमोबाइल डीलर अपने शोरूम से नई गाड़ियों में तिरंगा लहराते हुए रैली में शामिल हुए ।

विधायक शैलेंद्र जैन ने व्यापारिक संगठनों की हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित महारैली में हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि सागर के व्यापारिक संगठनों की एकता अवश्य ही हर घर तिरंगा अभियान को चार चांद लगाएगी । उन्होंने कहा कि कोई भी प्रतिष्ठान तिरंगा ध्वज से वंचित न रहे । यह हमारी जिम्मेदारी हो ।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री दीपक आर्य, नगर निगम कमिश्नर श्री चंद्रशेखर शुक्ला सहित व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं जन समुदाय मौजूद था। कलेक्टर दीपक आर्य ने कहा कि सभी जिलेवासी अपने - अपने घरों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों पर तिरंगा ध्वज लहराकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं। 

महामंत्री अनिमेष शाह एवं संजय अग्रवाल ने बताया कि रैली में सभी बाइकराइडर्स को तिरंगा कैट की तरफ़ से दिया। रैली में जागरूक नागरिकों एवं देशभक्तों सहित प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल मलैया एवं संभागीय महामंत्री निकेश गुप्ता ने शामिल हुए।
              
ई-खसरा परियोजना लागू

राष्ट्रीय भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम के अन्तर्गत आयुक्त भू-अभिलेख एवं बन्दोबस्त ने ई-खसरा परियोजना को लागू किया है। जिसके तहत अधीक्षक भू-अभिलेख, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं समस्त पटवारियों की आई.डी. मोडिफिकेशन अपडेशन कार्य के लिए बनाई गई है।
परियोजना के अन्तर्गत अनुबंधित फर्म द्वारा सभी तहसीलों में आई.टी. सेन्टर स्थापित किये गये है। जिनसे कृषकों को उनकी मांग अनुरुप प्रमाणित खसरा बी-1, नक्शा की प्रतिलिपियाँ नियत शुल्क प्रति पृष्ठ 30 रुपये लेकर उपलब्ध कराई जा रही है। कृषक अपने खाते की नकल, खेत का अक्श विभागीय वेबसाइट पर निःशुल्क देख सकते है।                                  

दिव्यांगजनों के लिए छात्रवृत्ति योजनाएं

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भारत सरकार द्वारा विकसित राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर दिव्यांग विद्यार्थी हेतु प्री-मैट्रिक , पोस्ट मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति योजना का संचालन किया जा रहा है।
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिये वर्ष 2022-23 के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 सितम्बर तक प्रस्तुत किये जा सकते है। शैक्षणिक संस्था द्वारा आवेदन सत्यापन की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसी प्रकार पोस्ट मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति के लिये पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। शैक्षणिक संस्था द्वारा आवेदन के सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवम्बर निर्धारित की गई है। विस्तृत जानकारी संबंधित विभाग की अधिकृत वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
                                   

तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता मिलेगी

एकलव्य शिक्षा विकास योजना’ में वन क्षेत्रों में निवासरत तेन्दूपत्ता संग्राहकों के होनहार बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा संस्थानों में प्रवेश और उनके शिक्षा व्यय की प्रतिपूर्ति की जाती है। तेन्दूपत्ता संग्राहक के लिए यह जरूरी है कि पिछले 5 वर्ष में कम से कम तीन वर्षों में न्यूनतम एक मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया गया हो। फड़ मुंशी और समिति प्रबंधक द्वारा कम से कम तीन वर्षों तक तेन्दूपत्ता सीजन में कार्य करने पर तेंदूपत्ता संग्राहक के बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता दी जाती है।

बच्चों को योजना का लाभ लेने के लिए पिछली वार्षिक परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। इस सहायता योजना में व्यवसायिक कोर्स के विद्यार्थियों को वार्षिक 50 हजार रूपये दिए जाते हैं । गैर तकनीकी स्नातक विद्यार्थियों को 20 हजार रूपये, कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को 15 हजार रूपये और कक्षा 9वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को 12 हजार रूपये की वार्षिक सहायता दी जाती है।
                                            

पेंशन मॉड्यूल के तहत डैश बोर्ड की सुविधा

आयुक्त कोष एवं लेखा मध्यप्रदेश द्वारा आई.एफ.एम. आई.एस. पेंशन मॉड्यूल के अर्न्तगत डैश बोर्ड की सुविधा प्रदान की गई है। सभी डीडीओ से कहा है कि डैश बोर्ड के माध्यम से प्रत्येक विभाग के रेग्यूलर एवं एनपीएस से संबंधित कर्मचारियों की पेंशन से संबंधित जिलेवार एवं विभागवार जानकारी डैश बोर्ड से प्राप्त कर सकते है।                           

किसान एप से गिरदावरी दर्ज कराएँ 

किसान अब गिरदावरी में भी आत्म-निर्भर हो जाएंगे। “मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार“ में किसान अपनी फसल की जानकारी एमपी किसान एप के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। इस सुविधा के प्रारंभ होने से किसान अपनी फसल की जानकारी 15 अगस्त तक स्वयं दर्ज करा सकते हैं। किसान की इस जानकारी का आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एवं पटवारी से सत्यापन होगा। इस जानकारी का उपयोग फसल हानि, न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना, भावांतर योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण में किया जायेगा। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश और आत्म-निर्भर किसान के मंत्र पर राज्य सरकार का यह किसान हितैषी निर्णय है।

भू अभिलेख अधीक्षक राकेश अहिरवार ने बताया कि एमपी किसान एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। किसान गूगल प्ले स्टोर से इस एप को डाउनलोड कर लॉगिन कर फसल स्व-घोषणा, दावा आपत्ति ऑप्शन पर क्लिक कर अपने खेत को जोड़ सकते हैं। खाता जोड़ने के लिये प्लस ऑप्शन पर क्लिक कर जिला, तहसील, ग्राम, खसरा आदि का चयन कर एक या अधिक खातों को जोड़ा जा सकता है। खाता जोड़ने के बाद खाते के समस्त खसरा की जानकारी एप में उपलब्ध होगी। इस प्रक्रिया में किसान ई-गिरदावरी को अपनाने के लिये 15 अगस्त तक अपने आप को रजिस्टर्ड कर सकेंगे।                          

आत्मा योजना के तहत कृषक पुरस्कार हेतु प्रविष्टियां आमंत्रित

आत्मा योजना अन्तर्गत वर्ष 2021-22 के लिये सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार एवं सर्वोत्तम कृषक समूह पुरस्कार हेतु प्रगतिशील कृषकों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। आवेदन हेतु निर्धारित प्रारूप सम्बन्धित विकास खण्ड कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। 

पुरस्कार हेतु वे सभी कृषक आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी के क्षेत्र में सक्रिय होकर उन्नत तकनीक का प्रयोग कर अधिकतम लाभ लिया हो। परियोजना संचालक ने बताया कि जिन कृषकों को आत्मा योजना अन्तर्गत पूर्व के विगत सात वर्षों में पुरस्कृत किया जा चुका है, वे कृषक पात्र नहीं होंगे। आवेदन जमा करने की अन्तिम तिथि 31 अगस्त है।
Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours