News In Short-03 Feb 2022-शहरी आजीविका मिशन वरीयता सूची में सागर फिर आया प्रथम


News In Short-03 Feb 2022-शहरी आजीविका मिशन वरीयता सूची में सागर फिर आया प्रथम



News In Short : ख़बरें संक्षेप में 

सागर वॉच  : 03 फरवरी  2022

डेयरी विस्थापन स्थल का निरीक्षण 

↺ कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त के साथ रतौना में डेयरी विस्थापन स्थल पर  चल रहे अधोसंरचना विकास के कार्यों निरीक्षण किया। जानकारी के मुताबिक वर्तमान में पहुँच मार्ग व पुलिया का निर्माण चल रहा है लेकिन उन्होंने  पशुओं की पानी की जरूरत पूरी करने के हिसाब से तालाब,नाले व कड़ान नदी में स्टॉप डेम बनाने की निर्देश दिए। 

इसी सिलसिले में निगमायुक्त ने बताया कि पाईप लाईन के माध्यम से पशु पालकों के भूखंडों तक  पानी पहुॅचाया जायेगा। लेकिन इसमें लगभग एक वर्ष का समय लगेगा तब तक 4 बोर खुदवाकर उनके जरिये जलापूर्ति की योजना है। प्रथम चरण में पशुओं की संख्या के हिसाब से सभी बुनियादी सुविधाएँ नगर निगम मुहैया कराएगा। 


↺ दीनदयाल अन्त्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM)  की माह जनवरी 2022 की वरीयता सूची  में म.प्र.के 16 नगर निगमों में एक बार फिर सागर नगर निगम अव्वल आया है। जबकि रीवा और देवास क्रमशः दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहे हैं।

निगम आयुक्त के मुताबिक भारत सरकार के डे-एन.यू.एल.एम.योजना के तहत रैकिंग में विभिन्न घटकों में प्रगति के अलग-अलग अंक निर्धारित किये गये थे, जिनमें सामाजिक एकजुटता एवं संस्थागत विकास तथा स्वरोजगार कार्यक्रम के लिए तय  30-30 अंकों  में से  सागर निगम को क्रमशः 18 एवं 21.86 अंक मिले वहीं कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के 25 में से 5 एवं पी.एम.स्वनिधि के लिए तय कुल 15 अंकों में से 7.67 अंक मिले इस प्रकार कुल 4 घटकों के निर्धारित कुल 100 अंकों में से नगर निगम सागर ने 79.49 अंक प्राप्त कर म.प्र.प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

तट-बंधन के काम में मजदूरों की संख्या बढाएं-कलेक्टर

तट-बंधन के काम में मजदूरों की संख्या बढाएं
-कलेक्टर 

↺ कलेक्टर सह अध्यक्ष एसएससीएल ने गुरुवार को लाखा बंजारा झील में चल रहे कायाकल्प के कार्यों का निरीक्षण के दौरान काम में गति लाने और मजदूरों की संख्या बढ़ने के लिए कहा। उन्होंने इंजीनियर्स से  झील में चल रहे प्रत्येक कार्य की प्रगति की जानकारी ली। 

कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि   तटबंधन और पत्थर लगाने ((Embankment and Stone Piching) के लिए रोज का लक्ष्य तय कर काम करने और दिन में दो बार काम की प्रगति की जानकारी भेजने के  निर्देश दिए। 


केंद्रीय बजट में स्टार्टअप को मिली सौगातें-बजट विश्लेषण 

↺ स्पार्क इन्क्यूबेशन सेंटर में केंद्रीय बजट में स्टार्टअप्स को मिली राहतों को विस्तार से समझने के लिए वेबिनार आयोजित किया गया वेबिनार में मुख्य वक्ता सीईओ फिन लिट् प्रोजेक्ट की उद्योग विशेषज्ञ नेहा मिश्रा  ने बताया कि इस वित्त वर्ष के बजट के केंद्रीय बिंदुओं में से एक स्टार्टअप्स बजट था। कोरोना काल में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में छोटे- बड़े व्यवसाय ने बहुत बड़ा योगदान दिया।

अलोक निखिल झा के मुताबिक केंद्रीय बजट ने देश के सनराइज सेक्टरों के लिए ब्लेंडेड फाइनेंस को बढ़ावा दिया है। साथ ही उद्योग, स्टार्टअप और शिक्षा जगत के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास के द्वार खोल दिए हैं। वेंचर कैपिटल और प्राइवेट इक्विटी इन्वेस्टमेंट द्वारा निवेश में सहायता का प्रस्ताव दिया है।

डॉ. रुचिका झा ने बताया कि कोविड महामारी को मद्देनजर रखते हुए स्टार्टअप्स को एक और साल के लिए कर प्रोत्साहन  दिया जाएगा, जिन्हें पहले ही 2023 तक बढ़ा दिया गया था। केंद्रीय बजट ने ड्रोन शक्ति के नए कॉन्सेप्ट को भी पेश किया, जो स्टार्टअप्स के माध्यम से ड्रोन को सेवा के रूप में बढ़ावा देने और सुविधा प्रदान करने की एक पहल होगी।

अटल पार्क-गीले कचरे से बना पहला आत्मनिर्भर पार्क

अटल पार्क
-
गीले कचरे से बना पहला आत्मनिर्भर पार्क 

↺ स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत अटल पार्क में पौधों को खाद की पूर्ति पार्क से ही निकलने वाले गीले कचरे से खाद बनाकर की जायेगी इस इस प्रकार खाद के क्षेत्र में अटल पार्क पहला आत्मननिर्भर पार्क बन गया।  

उद्यान में  गीले कचरे से खाद बनाने हेतु लगायी गई, इलेक्ट्रानिक मशीन का निगमायुक्त ने शुभारंभ किया। जिसमें 24 घंटें में गीले कचरे से प्रतिदिन 50 किलो खाद बन जायेगी। जो पार्क में ही लगे पौधों के काम आयेगी। पार्क को कचरा शून्य  पार्क बनाया जा रहा है।

दूसरी ओर अटल पार्क सहित काकागंज पार्क, सहित अन्य निगम के पार्को में नाडेप पिट बनाये गये जिनमें पार्क से निकलने वाले गीले कचरे को पिट में डालकर खाद बनाने का कार्य किया जा रहा है ताकि पार्क से निकलने वाले खाद की आपूर्ति में आत्मनिर्भर रहे।

विश्वविद्यालय: कुलपति को मिला अंतर्राष्ट्रीय फेलो अवार्ड

↺ डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता को अंतर्राष्ट्रीय फेलो अवार्ड प्रदान किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय प्राणी-शास्त्रीय संघ की कार्यकारी समिति ने प्रो. गुप्ता को यह पुरस्कार जंतु विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया है। यह संगठन जीव-जंतुओं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अध्ययन एवं शोध के लिए कार्यरत है। गौरतलब है कि प्रो. नीलिमा गुप्ता ने जलचर प्राणियों मुख्यतः मछलियों की विभिन्न प्रजातियों पर विशेष शोध एवं अध्ययन किया है। इंटरनेशनल जूलॉजिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष त्रिपाठी ने अवार्ड सर्टिफिकेट एवं मेडल प्रेषित किया है।

 विश्वविद्यालय 7 फ़रवरी से शुरू होंगी भौतिक कक्षाएँ-प्रभारी कुलसचिव  

↺ डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर में भौतिक रूप से कक्षाओं के संचालन के लिए पुनः खोलने का निर्णय लिया गया है। प्रभारी कुलसचिव के मुताबिक  पीजी और पी-एचडी के विद्यार्थी 07 फरवरी से विश्वविद्यालय आ सकेंगे वहीं यूजी के विद्यार्थी 09 फरवरी से आ सकेंगे और उनकी कक्षाएं ऑफलाइन संचालित होंगी 

कैम्पस आने वाले विद्यार्थियों को पूर्व की ही भांति विश्वविद्यालय द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना आवश्यक है छात्र-छात्राओं को कोविड वैक्सीन के दोनों डोज का प्रमाण-पत्र, 72 घंटे पहले का निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट, विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र द्वारा जारी स्क्रीनिंग सर्टिफिकेट और उनके अभिभावक की अनुमति का घोषणा-पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा.   

 अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्राचार्य को ज्ञापन 

↺ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महाविद्यालय इकाई द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय सागर में छात्रों की विगत प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष की छात्रवृत्ति न आने से संबंधित समस्याओं को लेकर अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा एवं प्राचार्य अंग्रणी कॉेलेज को ज्ञापन सौंपा गया। महाविद्यालय की  मंत्री निहाल रजक ने चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र ही  समस्याओं का निराकरण किया जाए नही ंतो विद्यार्थी परिषद आंदोलन के लिए बाध्य होगा।  इस पर प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि जल्दी समस्याओं का समाधान होगा । 

प्रो दिवाकर महू विश्वविद्यालय में बाह्य विषय विशेषज्ञ नामांकित

प्रो दिवाकर महू विश्वविद्यालय में बाह्य विषय विशेषज्ञ नामांकित

↺ डाॅ हरीसिंह गौर विश्वविद्याल में पदस्थ प्रो दिवाकर सिंह राजपूत को डाॅ बी आर अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू मध्यप्रदेश के समाजशास्त्र अध्ययन मंडल में बाह्य विषय विशेषज्ञ के रूप में नामित किया गया है।
अध्ययन मंडल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार पाठ्यक्रम में संशोधन एवं सी बी सी एस व्यवस्था लागू करना, पाठ्यक्रमों को अंतर्विषयी बनाना तथा नवीन पाठ्यक्रमों को आकार देने हेतु अध्ययन मंडल कार्य करेगा।

सी एम राइज  स्कूल तैयार होगा राहतगढ़ में 

↺ राजस्व एवं परिवहन मंत्री ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ विकासखंड में शासकीय महाविद्यालय कॉलेज के भवन के भाग 2 का भूमि पूजन के अवसर पर कहा कि महाविद्यालय में दो हज़ार के लगभग छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं उनकी परेशानियों को देखते हुए ही भाग 2 का निर्माण किया जा रहा है। यह भवन तीन करोड़ 53 लाख की लागत से बनाया जा रहा है राहतगढ़ में 38 करोड़ से अधिक राशि का अत्याधुनिक सी एम राइज  स्कूल तैयार होगा। 
 

डायवर्सन शुल्क जमा नहीं किया तो बंद होगी खदानें

↺ डायवर्सन शुल्क जमा नहीं करने पर वालों पर अब सख्त कार्यवाही होगी। गुरुवार को राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि, जिले में संचालित ऐसी खदानें जिन्होंने भू राजस्व, डायवर्सन शुल्क आदि जमा नहीं किया है, उन्हें नोटिस के सात दिनों के भीतर शुल्क भरना होगा अन्यथा खदानें अस्थाई रूप से बंद कर दी जाएंगी।

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों , तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे इस संबंध में अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने निर्देश दिए कि, समस्त राजस्व अधिकारी राजस्व वसूली संबंधी सभी मामलों पर नियमानुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

स्त्रियों के संघर्ष और सफलता की कहानी शॉर्ट फिल्म इंदु                   

↺ बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्म अभिनेता विनोद जयवंत की शार्ट फिल्म इंदु की शूटिंग सागर के विभिन्न स्थानों पर होने जा रही है। यह फिल्म बायोपिक इंदूलता प्रधान की किताब मेरी आत्मकथा अनुभवों का संकलन पर आधारित है।काल, डी कंपनी, हजारों ख्वाहिशें, शिवा,हनन, तेवर, गैंग्स ऑफ बनारस, हॉलीवुड मूवी दा एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी, जर्नी ऑफ़ फकीर आदि हिंदी और हॉलीवुड फिल्मों में रंग कर्मियों के साथ रंगमंच कर चुके अभिनेता विनोद जयवंत द्वारा सागर में इस लघु फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। 

राजस्व न्यायलयों का करें नियमित निरीक्षण,

राजस्व न्यायलयों का करें नियमित निरीक्षण

↺ कलेक्टर ने गुरुवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों का नियमित निरीक्षण किया जाये। उन्होंने कहा कि, एडीएम प्रत्येक सप्ताह में 2 तहसीलों का दौरा करें एवं राजस्व न्यायालयों सहित विभिन्न राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि, सागर जिले में राजस्व के प्रकरणों के निराकरण की स्थिति कम से कम 90 प्रतिशत होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में राजस्व प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। आगामी दिनों में अभियान के तौर पर लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित कराएं।

 उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरण के मामले में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, सभी एसडीएम प्रतिदिन इसकी मॉनीटरिंग करें। इसके साथ ही उन्होंने सीमांकन के मामले में भी तहसीलदार, नायब तहसीलदार को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

शुद्धिकरण रिपोर्ट से संबंधित रिकॉर्ड दुरुस्ती की समीक्षा में उन्होंने कहा कि डाटा परिमार्जन में कम प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही नक्शा सुधार, फौती नामांतरण के प्रकरणों पर भी शीघ्र कार्रवाई करें। स्वामित्व योजना के सिलसिले में उन्होंने  निर्देश दिए कि ड्रोन से किए जा रहे सर्वे में प्रतिदिन 5 गांवों का सर्वे पूर्ण किया जाए।


दिल्ली में होगा सागर की शिक्षिका का सम्मान

दिल्ली में होगा सागर की शिक्षिका का सम्मान

↺ भारत स्काउट गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा कोरोना काल में की गई सेवाओं को लेकर और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में ऑनलाइन प्रतिभागिता करते हुए एंकर की भूमिका का निर्वाहन करने के चलते शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय तिली सागर की गाइड शिक्षिका शालिनी जैन का सम्मान राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा बेडेन पावेल के जन्म दिन चिंतन दिवस के अवसर पर 22 फरवरी को दिल्ली में किया जाएगा।

     
आँगनवाड़ी केन्द्र हुए प्रारंभ  

↺ कलेक्टर ने बताया कि जिले के समस्त आँगनवाड़ी केन्द्र गुरूवार से फिर से शुरू किए गए हैं। आँगनवाड़ी केन्द्रों का संचालन कोविड-19 संक्रमण से बचाव के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रारंभ किए गए है।

उल्लेखनीय है कि कोविड संक्रमण की स्थिति को देखते हुए राज्य शासन ने 31 जनवरी 2022 तक आँगनवाड़ी केन्द्रों के संचालन को स्थगित कर दिया था।

 
रेल्वे गेट  क्रमांक 27 बंद रहेगा

↺ सागर-मकरोनिया खण्ड में स्थित रेल्वे गेट क्रमांक 27  4 से 8 फरवरी तक बंद रहेगा।  गेट पर रेल पथ अनुरक्षण एवं तीसरी लाइन लिंकिंग का कार्य किया जायेगा। अतः यह गेट चार दिन सड़क यातायात के लिये बंद रहेगा।


संत रविदास जयंती समारोह का होगा सीधा प्रसारण  

↺ मुख्यमंत्री, संत रविदास जयंती समारोह के संबंध में निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा  कि संत रविदास जयंती-16 फरवरी को भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ सभी जिला मुख्यालयों और प्रदेश की 22 हजार 710 पंचायतों में भी कार्यक्रम किए जाएंगे। भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। संत रविदास जी के भजनों का प्रस्तुतिकरण भी होगा। कार्यक्रम का दूरदर्शन सहित विभिन्न टीवी चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।


Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours