Political Update-भाजपा का लक्ष्य सागर को विकास व स्वच्छता की ऊंचाईयों पर ले जाना है

Political Update-भाजपा का लक्ष्य सागर को विकास व स्वच्छता की ऊंचाईयों पर ले जाना है

सागर वॉच।
 नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह का कहना है कि उनका लक्ष्य सागर को भी विकास और स्वच्छता की ऊंचाईयों पर ले जाना है। उन्होंने यह विचार  भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ द्वारा शनिवार को  हमारे सपनों का सागर - कल आज और कल विषय पर आयोजित परिचर्चा में आमंत्रित बुद्धिजीवियों को संबोधन के दौरान व्यक्त किये । 

इस परिचर्चा से निकले सुझावों के आधार पर ही सागर के विकास का संकल्प पत्र जारी किया जायेगा ।परिचर्चा में शहर के बुद्धिजीवियों ने अपने सुझाव दिए। इस दौरान राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत व विधायक शैलेन्द्र जैन ने सुझावों पर अपनी राय रखी और भविष्य के सागर की तस्वीर बताई।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में उपस्थित बुद्धिजीवी वर्ग को महत्वपूर्ण सुझाव देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि आप सबके इन महत्वपूर्ण सुझावों के आधार पर ही भाजपा का सागर के लिए जारी होने वाला संकल्प पत्र बनाया जाएगा। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य सागर को भी विकास और स्वच्छता की ऊंचाईयों पर ले जाना है। सागर के हफसिली जैसी जगहों पर कचरे के पहाड़ कचरा निष्पादन प्लांट लगाने से खत्म हो गये। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का भी काम चल रहा है। अंडर ग्राउंड सीवर लाइन के बिना शहर की कल्पना भी व्यर्थ है यह कार्य सागर में लगभग हो गया है।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने सागर के स्मार्ट सिटी मिशन की स्थापना से लेकर से अभी तक के विकास कार्यों का क्रम से ब्यौरा देकर सागर की विकास यात्रा के आगे तक के चरणबद्ध कार्यक्रमों को विस्तार से बुद्धिजीवी वर्ग के समक्ष रखा। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यहां नगर निगम के पास विशेषज्ञ अधिकारियों, इंजीनियरों की तकनिकी टीमों का अभाव था। हमने मध्यप्रदेश के श्रेष्ठ अधिकारी, इंजीनियर्स लाकर गुणवत्ता स्तरीय काम शुरू कराए हैं। यदि कहीं निर्माण कार्यों में गड़बड़ियां दिख रही हैं तो उन्हें ठीक कराएंगे।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि एलीवेटेड कारीडोर का काम द्रुत गति से चल रहा है जिस से शहर की ट्रैफिक समस्या सुधारने में सहायता मिलेगी। इसके 48 में से 30 पिलर बन चुके हैं। इसे बस स्टैंड के पं दीनदयाल चैराहे से आगे जिला अस्पताल और तिली तिराहे तक ले जाने पर भी विचार हो रहा है। लाइटों से सुसज्जित यह एलीवेटेड कारीडोर जब फरवरी महीने में लोकार्पित होगा तो यह प्रदेश का सबसे बड़ा एलीवेटेड कारीडोर होगा।


एक सुझाव आया था कि सागर जेल शहर के मध्य में आ गया है। इसलिए जेल को शहर से बाहर शिफ्ट करेंगे। यह काम हाउसिंग बोर्ड के अंतर्गत आता है इसलिए विभाग का मंत्री होने के नाते हमने सागर जेल का रिडेंसिफिकेशन का प्लान तैयार किया है। जो आवासीय व वाणिज्यिक भी होगा और इससे जो पैसा आएगा उससे नई जेल का निर्माण होगा और लगभग 1 हजार करोड़ रूपए इससे विभाग को बचेगा जो नगर निगम को देने का काम करेंगे।

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि श्री शिवराज सिंह जी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद मध्यप्रदेश में 46 साल के बाद सबसे पहला मेडिकल कालेज सागर में स्वीकृत किया था जिसकी लागत पांच सौ करोड़ थी। कांग्रेस के लोगों को तो यह भी पता नहीं है कि पशु विभाग के रतौना डेयरी फार्म की सात सौ एकड़ जगह एक वर्ष पूर्व नगर निगम को हस्तांतरित कर दी गई है जिस पर डेयरी विस्थापन किया जाना है। मंत्री श्री सिंह ने बताया कि डेयरी विस्थापन के टेंडर भी हो गए और आने वाले तीन-चार महीनें के अंदर डेयरी विस्थापन का काम शुरू हो जाएगा।

मंत्री श्री सिंह ने प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि, मैं इस विभाग का मंत्री होने के नाते आपको ये विश्वास दिलाता हूं कि जब सारे काम पूरे हो जाएंगे तो एक साल के बाद आपको नया सागर देखने मिलेगा। नया बस स्टेण्ड भी स्वीकृत हो गया है उसके भी टेंडर लगे हुए हैं और काम भी शुरू हो गया है। मंत्री श्री सिंह कहा कि हमारी सरकार ने नई तहसील बनाई है तो पुरानी तहसील की जगह खाली पड़ी है, वहां पर भी हम रिडेंसिफिकेशन कोई वैकल्पिक प्रोजेक्ट ले सकते हैं।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्षो से सागर नगर निगम की सीमा वृद्धि नहीं हुई है इसलिए चुनाव होने के बाद नगर निगम की सीमा वृद्धि करेंगे, जिससे हमें जगह ज्यादा मिल सके और अधिक विकास किए जा सकें। आज सागर में जो भी काम चल रहे है। वह नगर निगम को प्रदेश सरकार के दिए पैसे से हो रहा है या स्मार्ट सिटी मिशन अंतर्गत जो पैसा प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने दिया है उससे हो रहा है। 

मैं सीधे तौर पर कहता हूं कि इसमें कांग्रेस का कोई रोल नहीं है, कमलनाथ जी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे सवा साल की कांग्रेस सरकार ने सागर के विकास के लिए एक नया पैसा नहीं दिया। मंत्री श्री सिंह ने स्टेट यूनिवर्सिटी के विषय पर कहा कि मुख्यमंत्री जी के साथ मंत्री गोविंद सिंह जी और हम बैठकर स्टेट यूनिवर्सिटी स्वीकृत कराने का प्रयास करेंगे।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सागर की जो एयर स्ट्रिप है उसकी कुल लम्बाई 35 सौ मीटर है, जिसमें केवल 5 सीटर चार्टर प्लेन ही उतर सकता है। उदाहरण देते हुए श्री सिंह ने बताया कि एक बार मध्यप्रदेश शासन के 7 सीटर प्लेन के पायलट ने सागर में प्लेन ले जाने से मना कर दिया था। एयर स्ट्रिप की लम्बाई नहीं बढ़ा सकते क्योंकि आगे की जगह उसके लिए सही नहीं है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि 56 सौ मीटर पर घरेलु प्लेन और 76 सौ मीटर पर अंतर्राज्यीय प्लेन लैंड कर सकते हैं। इसलिए हमे इसके लिए नई एयर स्ट्रिप बनानी पड़ेगी, उसका परीक्षण भी चल रहा है।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने इसके अलावा विश्वविद्यालय में बुंदेलखण्ड के छात्रों को 50 प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव, वायपास के सर्वे, मेडिकल काॅलेज में सीटों के विस्तार सहित सागर नगर निगम क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सागर मेरी जन्मभूमि व कर्मभूमि है। यहां का विकास मेरी नैतिक जिम्मेदारी है और मैं वायदा करता हूं कि सागर के विकास के लिए बजट की कमी नहीं आने दूंगा।

राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ने कहा कि हम सभी मंत्री दिल्ली और भोपाल में सागर के नाम से जाने जाते हैं और सागर के विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि हम बीते कल के सागर से आज के सागर की तुलना करें तो सागर ने हम सभी के देखते-देखते एक बड़े कस्बे से, बड़े शहर की यात्रा पूरी की है। 

विधायक शैलेन्द्र जैन ने सागर विकास परिचर्चा को संबोधित करते हुए कहा कि कल कांग्रेस के नेता विवेक तनखा ने जैसा सागर का घोषणा पत्र जारी किया उससे लगता है कि उन्हें तथा सागर की कांग्रेस को सागर में चल रहे विकास कार्यों की कोई जानकारी नहीं है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में आधे से ज्यादा बिंदु ऐसे शामिल किए हैं जिनके टेंडर हो चुके हैं और काम प्रारंभ हो चुका है। यहां तक कि डेयरी विस्थापन और ट्रांसपोर्ट नगर भी उनके घोषणापत्र में है जिन पर बहुत हद तक अधोसंरचनात्मक काम हो चुका है।

कार्यक्रम के आरंभ में शहर की विभूति  पद्मश्री रामसहाय पांडे और रणजी ट्रॉफी जीतने वाली मध्यप्रदेश की  क्रिकेट  टीम के सदस्य रमीज खान का सभी अतिथियों ने नागरिक अभिनंदन किया।

परिचर्चा में सांसद राजबहादुर सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, डा सुशील तिवारी, डा सुखदेव मिश्रा, डा अनिल तिवारी, नेवी जैन, अनुराग प्यासी मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन व समन्वय भाजपा नेता कमलेश बघेल ने किया। परिचर्चा में बड़ी संख्या में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक, प्रोफेसर, व्याख्याता, अधिवक्ता, शिक्षाविद्, इंजीनियर्स, उद्योगपती, व्यापारी समुदाय और पत्रकारों ने सक्रिय हिस्सा लिया।
Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours