Achievement-विदेश पहुंची सागर में सेहतमंद खानपान को बढ़ावा देने की चर्चा

Achievement-विदेश पहुंची सागर में सेहतमंद खानपान को बढ़ावा देने की चर्चा

सागर वॉच
 यूनाइटेड किंगडम के राष्ट्रमंडल के सदन में बर्मिंघम की मेयर माउरीन कॉर्निंश जेपी एवं एशिया और मध्य पूर्व  क्षेत्र  की मंत्री  अमांडा मिलिंग एमपी की उपस्थिति में गुरुवार 28 जुलाई से खाद्य संस्थान  द्वारा कॉमनवैल्थ फूड फीचर सम्मलेन  का आयोजन किया गया। 

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मलेन  सेहतमंद  एवं टिकाऊ खाद्य तंत्र  को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई। इस सम्मलेन में सागर स्मार्ट सिटी सीईओ राहुल सिंह राजपूत सहित मध्यप्रदेश के चार शहरों के खाद्य  विभाग और नगरीय प्रशासन के 6 प्रतिनिधि शामिल हुए। 

इस सम्मलेन में भारत सहित 22 अन्य देशों के शहर प्रतिनिधि शामिल हुए। भारत से बर्मिंघम पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व भारत की खाद्य सुरक्षा एवं प्रमाणन प्राधिकरण की निदेशक  सुश्री इनोशी शर्मा ने किया और अंतराष्ट्रीय मंच पर भारत में ईट राइट इंडिया मूवमेंट के तहत सही भोजन, बेहतर जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। 

मध्यप्रदेश से इस सम्मलेन में शामिल हुए दल का नेतृत्व डॉ. सुदाम पी खाड़े (आईएएस), आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश ने किया एवं भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और सागर में स्वच्छता और सेहतमंद खानपान  को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने ईटराईट इंडिया अभियान के तहत स्थानीय लोगों को पौष्टिक व स्वच्छ भोजन की आदतों को अपनाने के लिए जागरूक करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

गौरतलब है कि 7 जून 2022 को राष्ट्रीय स्तर पर ईट स्मार्ट सिटीज चैलेंज में देश के शीर्ष-11 शहरों में चयनित सागर को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. मनसुख मंडाविया ने श्रेष्ठता के प्रमाणपत्र से नवाजा था। अब सागर शहर एमयूएफपीपी में शामिल है। इसके तहत 2023 तक नागरिकों में “बेहतर भोजन, स्वस्थ जीवन” की जागरूकता लाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है। शहर में स्वच्छ खाद्य  प्लाजा बनाए जा रहे हैं। लोगों को विभिन्न माध्यमों से सुरक्षित भोजन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours