Political Update-भाजपा संगठन में चोंच मारने वालों की चोंच टूट जाती हैः हितानंद शर्मा

Political Update-भाजपा  संगठन में चोंच मारने  वालों की चोंच टूट जाती  हैः हितानंद शर्मा

सागर वॉच। भाजपा का संगठन अभेद्य संगठन है। इसमें कोई चोंच मारता है तो उसकी चोंच टूटती है संगठन का कुछ नहीं बिगड़ता। क्योंकि यह 18 करोड़ कार्यकर्ताओं वाली दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है जिसमें परिवारवाद नहीं चलता। यह विचार परिवार से निकले कार्यकर्ताओं की पार्टी है जिसको बनाने में चार पीढ़ियां लगी हैं। ये विचार  मध्यप्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने सागर में नगर विजय के लिए आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में भाजपा के बूथ प्रभारियों कार्यकर्ताओं, महामंत्रियों और बीएलए को दिए।


संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बताया कि 1952 में प्रधानमंत्री नेहरू ने चुनौती दी थी कि भारत की एक इंच भूमि पर भगवा नहीं फहराने दिया जाएगा जो कोशिश करेगा उसे कुचल दिया जाएगा। 

इसके जवाब तत्कालीन अध्यक्ष श्यामाप्रसाद ने कहा था कि वो ऐसी कुत्सित मानसिकता के लोगों को कुचल डालेंगे परिणामस्वरूप आज देश की इंच-इंच भूमि पर भगवा है और जो हमको कुचलने की बात कर रहे थे, वो कुछ प्रदेशों में सिमट गए। आज भाजपा ने कांग्रेस को देश में कुचल दिया। 

श्री शर्मा ने कहा कि अटल जी ने भाजपा के स्थापना अधिवेशन में कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। आज हमारे कार्यकर्ताओं की चौथी पीढ़ी ऐसा होते हुए देख पा रही है। दो तीन पीढ़ियों पहले देश में हमारे कार्यकर्ता गिनती के थे और वर्तमान में उनके संगठन मनीषियों ने ऐसा संगठन खड़ा है कि कार्यकर्ता इतने अधिक हैं कि गिने नहीं जा सकते। उन्होंने दावा किया कि भाजपा देश में सर्वाधिक पार्षदों, सर्वाधिक विधायकों, सर्वाधिक सांसदों वाला सबसे विराट दल है।

संगठन महामंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी में  पिछले महीने बूथ स्तर की संगठन रचना का फिजिकल और डिजीटल वेरीफिकेशन किया गया । उनके  बूथ पर आगे चलकर 60 के बजाए 30 नामों के पन्ना प्रभारी बनेंगे। बूथ पर बैठने वाला भाजपा का पोलिंग एजेंट इतना सक्षम और प्रतिबद्ध होता है कि वह पिछली कई पीढ़ियों से बूथों पर लाठी, गोली और आतंक झेलता हुआ उनसे निपट कर निकला है। उस पोलिंग एजेंट की समर्पित भूमिका आपको चुनाव के समय ही दिखाई देगी शेष समय वह नेपथ्य में रहता है। 


 उन्होंने कहा कि पोलिंग एजेंट जैसी इकाई को सर्वाधिक सम्मान देना चाहिए। श्री शर्मा ने बूथ अध्यक्ष, महामंत्रियों, बीएलए को मतदाता सूची का सूक्ष्मता से सदुपयोग करने, वार्ड में की वोटर्स के बीच काम करने जैसी बारीकियों को समझाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को दिए गए हमारे नारे जीतेंगे बूथ, जीतेगी भाजपा, हमारा बूथ सबसे मजबूत, बूथ जीता, चुनाव जीता, थिंक ग्लोबली, एक्ट लोकली जैसे नारे सिर्फ नारे नहीं हैं बल्कि ठोस तैयारियों पर आधारित संकल्प सूत्र हैं जिनसे ठोस परिणाम प्राप्त होते हैं।

त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी को  प्रत्याशी से अधिक भाजपा और कमल निशान पर फोकस करना है क्योंकि यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच है न कि प्रत्याशियों के बीच। प्रत्याशी तो निमित्त मात्र होता है जिसे कार्यकर्ताओं के बीच से दायित्वों के लिए चुना जाता है। 

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 सालों के शासनकाल में देश को जिस तरह बर्बाद किया है यह तथ्य पूरा देश समझ चुका है। इस चुनाव में सिर्फ विकास पर फोकस करना है क्योंकि भाजपा ने ही शहरों का विकास किया है। बीच में दुर्भाग्य से बनी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने सागर के विकास के लिए एक रुपया भी नहीं दिया और चुनाव में किए गए एक भी वायदे को पूरा नहीं किया।

त्रिदेव सम्मेलन को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद राजबहादुर सिंह, विधायक शैलेन्द्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित कर नगर में चल रहे चुनाव अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। सम्मेलन में गृहनिर्माण मंडल के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, भाजपा प्रत्याशी श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, डा सुशील तिवारी संध्या भार्गव, श्रीमती प्रतिभा चैबे, प्रभु दयाल पटेल, लता वानखेड़े, ज्योति दुबे, अभय दरें, डा अनिल तिवारी, रामकुमार साहू, श्याम तिवारी, अर्पित पाण्डेय, नवीन भट्ट, यश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष विक्रम सोनी, सुधीर यादव, जगन्नाथ गुरैया, मनीष चैबे, रीतेश मिश्रा, लक्ष्मण सिंह, अंशुल परिहार, सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए आदि शामिल हुए।
Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours