News In Short-28 Mar 22- एक मई को शहर के अपंजीकृत शादीघर हो जायेंगे अवैध

एक मई को शहर के अपंजीकृत  शादीघर हो जायेंगे अवैध

News In Short :
 ख़बरें संक्षेप में 

सागर वॉच/28 मार्च 22

होटल दीपक और संगम सहित 14 शादीघर अपंजीकृत 
 
↺ सिटी मजिस्ट्रेट एवं अनुविभागीय अधिकारी  ने नगर निगम के साथ शहर में संचालित हो रहे शादी-घरों (मैरिज गार्डन) की जांच की। जांच रपट के मुताबिक  नगर निगम क्षेत्र में संचालित  14  मैरिज गार्डन पंजीकृत जबकि, 14 मैरिज गार्डन अपंजीकृत हैं तथा 5 मैरिज गार्डनों को अनाधिकृत घोषित किया गया है।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि, अपंजीकृत मैरिज गार्डन संचालकों को आगामी अप्रैल माह के भीतर पंजीयन कराना आवश्यक होगा अन्यथा की स्थिति में 1 मई 2022 को ऐसे सभी अपंजीकृत मैरिज गार्डन भी निरस्त घोषित कर दिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि, 8 मार्च 2022 को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुई चर्चा के अनुसार शहर की ट्रैफिक एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत मैरिज गार्डनों का नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया था। जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

ये हैं पंजीकृत मैरिज गार्डन

जारी की गई सूची के अनुसार शहर में 14 पंजीकृत मैरिज गार्डन है जिनमें 
  • ग्रेंड पैलेस (राजीव नगर बार्ड), 
  • मलैया मैरिज गार्डन, 
  • ग्रीनवेली मैरिज गार्डन, 
  • राम सरोज पैलेस, 
  • लक्ष्मीनारायण गार्डन, 
  • गुजराती धर्मशाला (कच्छकड़वा), 
  • सागर सरोज गार्डन, 
  • होटल वरदान, 
  • एम. एस. गार्डन, 
  • जिन्नत मैरिज गार्डन, 
  • दा हेरिटेज, 
  • रॉयल पैलेस 
  • स्तुति मैरिज गार्डन, 
  • प्रेमपरिणय मैरिज गार्डन शामिल हैं।

इसी प्रकार अपंजीकृत मैरिज गार्डन में 
  • होटल दीपक, 
  • संगम होटल, 
  • अमन मैरिज गार्डन, 
  • वृन्दावन मैरिज गार्डन, 
  • निर्मल बंधन, 
  • वृन्दावन मंदिर, 
  • पटेल मैरिज गार्डन 
  • साहू धर्मशाला, 
  • आदर्श गार्डन मोतीनगर,
  • राघव गार्डन, 
  • सेंचुरी गार्डन, 
  • राजा मैरिज गार्डन, 
  • आस्था मैरिज गार्डन 
  • और आर्य समाज ट्रस्ट शामिल हैं।

जबकि, गेडा जी धर्मशाला, सागर सेलिब्रेशन, सिटी मैरिज गार्डन, उत्सव भवन और त्रयंबकेराज पैलेस को अनाधिकृत घोषित किया गया है।


अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई हुई तेज 

↺ स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 को देखते हुये निगम अतिक्रमण दस्ते द्वारा शहर के मुख्य मार्गो, चौराहो और खम्बों पर अनाधिकृत रूप से लगे होर्डिग्स फ्लेक्स, बोर्ड को हटाया जा रहा है। इस कार्यवाही के दौरान तिली चौराहा पर विभिन्न स्थानों पर लगे होर्डिगों को हटाया गया

इसी सिलसिले में राहतगढ़ बस स्टैंड के आस पास अवैध रूप से रखें हुये टपरो को अतिक्रमण दस्ते द्वारा हटाया गया साथ ही अम्बेडकर वार्ड स्थित धर्मश्री चौराहा पर फब्बारा के आसपास एव उसके सामने विभिन्न संस्थाओं 24 घंटे अंदर इन  फ्लेक्स एवं बोर्ड आदि को को हटा ने की चेतावनी दी है अन्यथा नगर निगम द्वारा उन्हें हटाया जायेगा। 

इसके अलावा  खुरई बस स्टैंड आचार्य विद्यासागर महाराज बस स्टैंड परिसर में एक दुकानदार द्वारा नगर निमम की दुकान पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्की दुकान का निर्माण सटर लगाकर कर लिया गया था जिसे अतिक्रमण दस्ते  द्वारा हटाये जाने की कार्यवाही की गई।

नगर निगम आयुक्त स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 को दृष्टिगत रखते हुये नगर में जिन स्थानों पर  सौन्दर्यीकरण कराया गया है उन स्थानों पर या उनके आसपास बिना अनुमति के लगाये गए  होर्डिग्स, फ्लेक्स, बोर्ड सख्ती से हटा दिया जायेगा।

एटक सहित सभी केन्द्रीय श्रमिक संगठनों के आव्हान पर नगर पालिक निगम, सागर सहित सफाई कामगार यूनियन एटक जिला सागर, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन, संयुक्त कर्मचारी कल्याण मोर्चा, लघुवेतन कर्मचारी संघ, अजाक्स, छावनी परिषद सागर, मकरोनिया सफाई कामगार यूनियन, म.प्र. अधिकारी कर्मचारी संघ संयुक्त मोर्चा सहित तमाम यूनियनों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा 

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री  के नाम सौंपा ज्ञापन

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री  के नाम सौंपा ज्ञापन 

↺ ज्ञापन में  पुरानी पेंशन बहाल किये जाने (2) चार श्रम विरोधी कानून वापिस लेने (3) ठेका प्लेसमेंट संविदा, मस्टर व्यवस्था समाप्त कर सभी को शासकीय कर्मचारी करने (4) स्थाईकर्मी दै.वे.भो. को नियमित किये जाने (5) आयकर मुक्त परिवारों को 7500 रूपये पेंशन दिए जाने  (6) चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि केवल वेतन में ही उपयोग किये जाने (7) सातवे वेतनमान की 75 फीसदी राशि ब्याज सहित जनवरी 2016 से दिए जाने व्  (8) स्थाईकर्मी कर्मियों को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांगे शामिल हैं।

दो हजार किलो नकली सेंध नमक जब्त

दो हजार किलो नकली सेंध नमक जब्त 

↺ मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत जिला सुरक्षा खाद्य अधिकारी द्वारा तिलक गंज सागर पापड़ मसाला उद्योग में आयोडीन नमक सेंधा नमक बनाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर छापामार कार्रवाई की गई जांच करने पर बड़ी मात्रा में नकली सेंधा नमक आयोडीन नमक से बनाते हुए पाया गया। 

जिला सुरक्षा खाद्य अधिकारी  ने बताया कि यह फैक्ट्री मनोज जैन की है। जिसकी कीमत 30 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री से 2000 किलो नकली नमक को जब्त  कर फैक्ट्री को सील किया गया है। उन्होंने बताया कि इस फैक्टरी का किसी भी प्रकार का लाइसेंस भी नहीं पाया गया।

ज्यादा फीडबेक से शहर को मिल सकती है ऊंची स्वच्छता रैंकिंग 

↺ शहर को अच्छी रैकिंग दिलाने हेतु नगरवासियों को जो 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के है फीड बैक देकर ऊंची  स्वच्छता रैंकिंग  दिलाने में मदद कर सकते है व्यापारी, दुकानदार, राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के सदस्यगण, धार्मिक संगठन,एन.जी.ओ,स्कूल-कालेज के विद्यार्थी सभी अपने स्मार्ट मोबाईल में बार कोड स्केन कर फीडबैक देकर अपना योगदान दें सकते है जिसमें मात्र 40 से 50 सेकेड का समय लगता है।

इस संबंध में निगमायुक्त ने बताया कि स्व्च्छ सर्वेक्षण हेतु नागरिक अपने स्मार्ट मोर्बाइल में स्वच्छता एप को डाउनलोड कर उसमें पूछे गये प्रश्नों के उत्तर देकर फीडबैक दे सकते है या नगर निगम द्वारा बार कोड को अंकित कराकर ये स्टीकर और फ्लेक्स सार्वजनिक स्थानों एवं दुकानों पर चस्पा करायेे है उसको भी अपने मोबाईल पर स्केन एप् डाउनलोड कर  पूछे गये प्रश्नों के उत्तर देकर फीडबैक दे सकते है।

लाल,पीले और हरे रंगों से चिन्हित होंगे जल संकट ग्रस्त क्षेत्र 

↺ कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु में जिले के सभी क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं ऐसे क्षेत्र जहां जल अभाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, उन्हें चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जल संकट ग्रस्त क्षेत्रों को लाल,पीले और हरे क्षेत्र में विभाजित करें। इसके लिए गांवों को जल आपूर्ति के आधार पर उक्त श्रेणियों में चिन्हित किया जाए। 

कलेक्टर ने कहा कि समस्त जनपद कार्यालयों में पेयजल समस्या निवारण के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक पंचायत के लिए एक विशेष कॉलिंग और व्हाट्सएप नंबर दिया जाएगा जिसके माध्यम से संबंधित जनपद पंचायत के व्यक्ति पेयजल से संबंधित समस्या दर्ज करा सकेंगे। उन्होंने समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कंट्रोल रूम की सुचारू कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जाए और पेयजल से संबंधित समस्या पर प्राथमिकता से कार्य करते हुए समस्या का त्वरित निवारण किया जाए।

रानगिर मंदिर में शतचंडी महायज्ञ एक अप्रैल से 

↺ सागर नगर स्थित प्राचीन ऐतिहासिक धार्मिक स्थल मां हरसिद्धी देवी बाघराज मंदिर की  मंदिर समिति की बैठक में 02 अप्रैल 2022 दिन शनिवार से चैत्र नवरात्रि मेला एवं शतचण्डी महायज्ञ का आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया है। इस  सिलसिले  में  जिला प्रशासन, पुलिस एवं निगम को आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु अनुरोध किया गया है। 01 अप्रैल दिन शुक्रवार को शतचण्डी महायज्ञ की कलश यात्रा का आयोजन एवं 02 अप्रैल 2022 से शतचण्डी महायज्ञ का आयोजन सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक किया जायेगा।

पक्षियों को बचाइए खुद को बचाइए

पक्षियों को बचाइए खुद को बचाइए 

↺ डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर में ‘सेव बर्ड्स, सेव योर सेल्व्स’ जनजागरूकता अभियान दल का स्वागत हुआ। कोयम्बटूर के एस ए के फाउंडेशन का यह 15 सदस्यीय दल  कन्याकुमारी से कश्मीर तक पक्षियों के बारे में जनजागरूकता और उन्हें बचाने की मुहिम में भारत-यात्रा पर निकला है 

अभियान दल के मुखिया स्वामी ब्रम्ह ऋषि ने विभाग के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य लगातार प्रदूषण फैला रहा है आज के तकनीकी युग में व्यक्ति केवल अपनी सुविधा के बारे में सोच रहा है। जबकि  इस दुनिया में रहने वाले पक्षी हमारी पारिस्थितिकी के अभिन्न अंग हैं। उनका जैव विविधता में भी अहम् योगदान है ऐसे में हमारा यह धर्म है कि हम पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के सभी हिस्सों पर काम करें। यदि इस संसार से पक्षी ख़त्म हो जायेंगे तो मनुष्य का भी अस्तित्व खतरे में आ जाएगा 


Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours