News In Short-30 Jan 2022-“गौर पथ” बनाकर हम धन्य महसूस कर रहे हैंः भूपेन्द्र सिंह

News In Short : ख़बरें संक्षेप में 
सागर वॉच  / 30 जनवरी 2022

विश्वविद्यालय मार्ग  के पुर्नविकास एवं सौंदर्यीकरण

↺ मप्र शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत 4 करोड़ 47 लाख रूपए लागत के विश्वविद्यालय मार्ग  के पुर्नविकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि “गौर पथ” को लोकार्पित करके वो  स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं कि वो डाॅ. गौर द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय के लिए कुछ कर सके। आज हम जो भी हैं, डाॅ. गौर के कारण ही इस लायक बने हैं।
 
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए नगरीय विकास मंत्री ने कहा कि, डाॅ सर हरीसिंह गौर की बनाई यह भूमि विश्व के लिए एक पहचान है। डाॅ. गौर चाहते तो देश में कहीं पर भी विश्वविद्यालय बना सकते। परन्तु उन्होंने अपनी जन्मभूमि सागर को चुना। क्योंकि बुंदेलखण्ड पिछड़ा और गरीब था। यहां के बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने अपनी जीवन भर की कमाई से यह विश्वविद्यालय बनाया। मंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट शुरू किया और मुख्यमंत्री के प्रयासों से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में सागर को स्थान मिला। आने वाले समय में सागर मध्यप्रदेश सुंदर शहरों में गिना जाएगा। 


पद्मश्री रामसहाय पांडे का सम्मान पूरे बुंदेलखंड का सम्मान हुआ है

पद्मश्री रामसहाय पांडे का 
सम्मान पूरे बुंदेलखंड का सम्मान है

↺ भारत सरकार द्वारा प्रदान किए गए पद्मश्री सम्मान से सम्मानित रामसहाय पांडे के नागरिक अभिनंदन समारोह में नगरीय विकास  आवास मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस सम्मान से पूरे बुंदेलखंड का सम्मान हुआ है उन्होंने कहा कि एक समय बुंदेलखंड पिछड़े क्षेत्र में जाना जाता था किंतु अब बुंदेलखंड का तेजी से विकास हो रहा है यह हमारे लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य अगर पूरी ईमानदारी से किया जाए तो वह कार्य सफल हो ही जाता है। उन्होंने  कहा कि इस  पुरस्कार ने साबित कर दिया कि ईमानदारी एवं दृढ़ संकल्प के साथ किए गए कार्य कभी अधूरे नहीं रहते। राम सहाय के योगदान से  लोक कला राई नृत्य को पूरे देश एवं दुनिया में सम्मान मिला है।

 नगरीय विकास मंत्री ने स्वर्गीय विष्णु पाठक की चर्चा करते हुए कहा कि श्री पाठक ने भी लोक कला के माध्यम से सागर विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि सागर में भी अभी ऐसे अनेक महान व्यक्ति मौजूद हैं जिनको भारत सरकार द्वारा इस प्रकार के पुरस्कार मिलना चाहिए।
 
डॉ गौर को सम्मान दिलाने प्रारंभ हुआ हस्ताक्षर अभियान

↺ सागर डॉ हरिसिंह गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए हस्ताक्षर अभियान प्रारंभ किया गया। महाकवि पद्माकर सभागार में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री, सांसद, विधायक,सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सैकड़ों गणमान्य नागरिकों नागरिकों ने डॉ हरिसिंह गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए अपने अपने हस्ताक्षर किये।


बालक, बालिकाओं का कोविड -19 द्वितीय खुराक आज से 

↺ कलेक्टर ने बताया कि जिले के समस्त विद्यालयों ( सरकारी , निजी शिक्षा संस्थानों में  जहां 15-17 के किशोर बालक / बालिकाओं के प्रथम डोज हेतु कोविड टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया था , उन सभी सत्र स्थलों पर द्वितीय डोज का टीकाकरण 31 जनवरी 2022 से करना प्रारम्भ किया जा रहा है।
गौरतलब है कि जिले में 3 जनवरी 2022 से 15-17 वर्ष के किशोर बालक/बालिकाओं का कोविड -19 टीकाकरण प्रारम्भ किया गया था, जिसके अन्तर्गत लक्षित एक लाख 58 हजार किशोर/ किशोरियों 28 जनवरी 2022 तक टीकाकरण पूर्ण किया जा चुका है।
 
Share To:

Sagar Watch

Post A Comment:

0 comments so far,add yours